पोहरी न्यायालय में नेशनल लोक अदालत: 64.11 लाख की वसूली, 78 प्रकरणों का निपटारा, 145 लोगों को मिला लाभ—पढ़ें पूरी खबर

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

पोहरी न्यायालय में नेशनल लोक अदालत का आयोजन, 64.11 लाख से अधिक की राशि वसूल

पोहरी/शिवपुरी, 14 सितंबर 2026। मध्य प्रदेश राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, जबलपुर के निर्देशानुसार एवं जिला विधिक सेवा प्राधिकरण शिवपुरी के अध्यक्ष तथा प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश श्री राजेन्द्र प्रसाद सोनी के मार्गदर्शन में शनिवार को न्यायालय पोहरी में नेशनल लोक अदालत का आयोजन किया गया।

लोक अदालत का शुभारंभ व्यवहार न्यायाधीश वरिष्ठ खंड पोहरी श्रीमती अंजलि पटेल द्वारा राष्ट्रपिता महात्मा गांधी एवं मां सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्वलन कर किया गया।

नेशनल लोक अदालत में विभिन्न आपराधिक एवं चेक बाउंस प्रकरणों का निराकरण करते हुए कुल 64,11,600 रुपये की राशि वसूल की गई। इससे कुल 145 व्यक्ति लाभान्वित हुए।

प्रकरणों के त्वरित एवं सौहार्दपूर्ण निराकरण के लिए दो खंडपीठों का गठन किया गया था। खंडपीठ क्रमांक 28 में व्यवहार न्यायाधीश वरिष्ठ खंड पोहरी श्रीमती अंजलि पटेल के न्यायालय द्वारा 26 आपराधिक प्रकरणों एवं धारा 138 एनआईए के 18 चेक बाउंस प्रकरणों का निराकरण किया गया। इन प्रकरणों में 56,99,000 रुपये की वसूली हुई।

वहीं, खंडपीठ क्रमांक 29 में व्यवहार न्यायाधीश कनिष्ठ खंड पोहरी सुश्री काजल नायक की खंडपीठ द्वारा 14 आपराधिक प्रकरणों एवं धारा 138 एनआईए के 3 प्रकरणों का निराकरण किया गया। इनसे 7,12,600 रुपये की राशि वसूल की गई।

इसके अतिरिक्त बैंक से संबंधित 481 प्रिलिटिगेशन प्रकरणों का समाधान करते हुए 3,02,200 रुपये की वसूली की गई।

इस प्रकार लोक अदालत में कुल 61 आपराधिक प्रकरण एवं 17 चेक बाउंस प्रकरणों का सफलतापूर्वक निराकरण किया गया।

आयोजन के अवसर पर अभिभाषक संघ पोहरी के अध्यक्ष श्री एस.यू. सिद्धिकी, समस्त अधिवक्तागण, भारतीय स्टेट बैंक पोहरी, मध्यभारत ग्रामीण बैंक एवं यूको बैंक बैराड़ के शाखा प्रबंधक, बीएसएनएल पोहरी के अधिकारीगण तथा न्यायालयीन कर्मचारी उपस्थित रहे।

DRM India News
Author: DRM India News

DRM INDIA NEWS एक नेशनल न्यूज़ चैनल है, जो देश और दुनिया की ताज़ा, सटीक और निष्पक्ष खबरों को तेजी से दर्शकों तक पहुंचाता है। हमारा उद्देश्य हर खबर को सच्चाई और जिम्मेदारी के साथ पेश करना

Leave a Comment

और पढ़ें