शिवपुरी। जिले की ग्राम पंचायत कुशियारा में श्मशान घाट पर टीन शेड निर्माण कार्य को लेकर सवाल सामने आए हैं। सरकारी रिकॉर्ड के अनुसार शांतिधाम में टीन शेड निर्माण कार्य के लिए ₹3 लाख 50 हजार की लागत दर्ज है। इसके बावजूद मौके पर निर्माण कार्य की स्थिति सवाल खड़े कर रही है।

जानकारी के अनुसार श्मशान घाट पर टीन शेड में से कुछ नए बनाए गए हैं, जबकि कुछ में पुराने शेड का भी इस्तेमाल किया गया है। वहीं, बनाए गए शेड की निर्माण गुणवत्ता को लेकर भी सवाल उठ रहे हैं। सबसे महत्वपूर्ण बात यह है कि श्मशान घाट परिसर में चबूतरे का निर्माण अब तक नहीं कराया गया है।

ऐसे में सवाल उठता है कि जब टीन शेड निर्माण के लिए साढ़े तीन लाख रुपये की लागत निर्धारित की गई थी, तो निर्माण में पुराने शेड का इस्तेमाल क्यों किया गया? नए शेड की गुणवत्ता कमजोर क्यों है और श्मशान घाट का चबूतरा अब तक क्यों नहीं बनाया गया?
मामले को लेकर DRM India News द्वारा संबंधित सरपंच, सचिव एवं विभागीय अधिकारियों से उनका पक्ष जानने का प्रयास किया गया, लेकिन खबर लिखे जाने तक संपर्क नहीं हो सका।
DRM India News संबंधित सरपंच, सचिव एवं विभागीय अधिकारियों से अपील करता है कि वे इस मामले में अपना पक्ष रखें। उनका जवाब और स्पष्टीकरण भी समाचार में प्रमुखता से प्रकाशित किया जाएगा।
अब सवाल संबंधित विभाग से है कि क्या निर्माण कार्य का भौतिक सत्यापन कराया जाएगा? क्या गुणवत्ता की जांच होगी? और यदि स्वीकृत राशि के अनुरूप कार्य नहीं हुआ है, तो इसकी जिम्मेदारी किसकी तय होगी?
DRM India News का उद्देश्य किसी पर आरोप लगाना नहीं, बल्कि सार्वजनिक धन से होने वाले निर्माण कार्यों की वास्तविक स्थिति जनता के सामने लाना और जवाबदेही सुनिश्चित करना है।







