शिवपुरी। जिले के दिनारा थाना क्षेत्र में गुरुवार सुबह एक बड़ा अग्निकांड सामने आया, जहां कृष्णा चौराहा के पास स्थित एक कबाड़ के प्लास्टिक गोदाम में अचानक भीषण आग लग गई।

जानकारी के अनुसार, सुबह करीब 10:30 बजे आशु पुत्र महेश वेडर निवासी दिनारा के कबाड़ी गोदाम (हेमा ट्रेडर्स) में आग भड़क उठी, जिसने देखते ही देखते विकराल रूप ले लिया। सूचना मिलते ही थाना दिनारा पुलिस टीम थाना प्रभारी के नेतृत्व में मौके पर पहुंची और तत्काल राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया।
पुलिस ने सूझबूझ का परिचय देते हुए आसपास के रिहायशी इलाकों को खाली कराया तथा गैस सिलेंडरों को सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया। साथ ही फायर ब्रिगेड को सूचना देकर आग बुझाने का कार्य तेजी से शुरू कराया गया।
घटना की गंभीरता को देखते हुए कलेक्टर एवं जिला मजिस्ट्रेट Arpit Verma और पुलिस अधीक्षक Aman Singh Rathore भी मौके पर पहुंचे। उन्होंने स्थिति का जायजा लिया, प्रभावित लोगों से बातचीत की और उन्हें हर संभव सहायता का आश्वासन दिया।
लगभग शाम 5 बजे तक कड़ी मशक्कत के बाद आग पर पूरी तरह काबू पा लिया गया। राहत की बात यह रही कि इस हादसे में कोई जनहानि नहीं हुई, हालांकि गोदाम में रखा कबाड़ और पास के घर का सामान जलकर नष्ट हो गया।
प्रशासन की त्वरित कार्रवाई और समन्वय के चलते एक बड़ा हादसा टल गया।








