शिवपुरी में झोलाछाप डॉक्टरों पर सख्ती: खरई-डेहरवारा में 5 अवैध क्लिनिक सील

शिवपुरी जिले में अवैध रूप से संचालित क्लिनिकों के खिलाफ स्वास्थ्य विभाग ने बड़ी कार्रवाई की है। कलेक्टर के निर्देश पर गुरुवार को कोलारस विकासखंड के ग्राम खरई और डेहरवारा में छापामार अभियान चलाया गया। इस दौरान झोलाछाप डॉक्टरों द्वारा संचालित 5 अवैध क्लिनिकों को सील कर दिया गया।
कार्रवाई के दौरान टीम ने पाया कि बिना किसी वैध डिग्री और पंजीयन के मरीजों का इलाज किया जा रहा था, जो लोगों के स्वास्थ्य के लिए गंभीर खतरा बन सकता था। स्वास्थ्य विभाग की टीम ने मौके पर जरूरी दस्तावेजों की जांच की और अनियमितताएं मिलने पर तुरंत क्लिनिक बंद कराए।
प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि जिले में अवैध चिकित्सा गतिविधियों को किसी भी हालत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। साथ ही लोगों से अपील की गई है कि वे केवल पंजीकृत और योग्य डॉक्टरों से ही इलाज कराएं, ताकि किसी भी तरह के जोखिम से बचा जा सके।








