शिवपुरी/कोलारस। ग्राम खरई में स्वास्थ्य विभाग की कार्यप्रणाली एक बार फिर सवालों के घेरे में आ गई है। जनसुनवाई में प्राप्त शिकायत के आधार पर जिस क्लीनिक को प्रशासन द्वारा सील किया गया था, अब वही क्लीनिक कथित रूप से दोबारा अवैध रूप से संचालित किया जा रहा है।
स्थानीय लोगों के अनुसार, सील होने के बावजूद क्लीनिक में मरीजों का उपचार जारी है, जिससे प्रशासनिक आदेशों की खुलेआम अवहेलना हो रही है। इस पूरे मामले की जानकारी संबंधित बीएमओ को भी दी जा चुकी है, लेकिन अब तक किसी प्रकार की ठोस कार्रवाई नहीं की गई है।
ग्रामीणों का आरोप है कि कई बार उच्च अधिकारियों को अवगत कराने के बावजूद स्थिति जस की तस बनी हुई है, जिससे स्वास्थ्य विभाग की कार्यशैली पर गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं।
जनसुनवाई में उठी शिकायत के बाद कार्रवाई के बजाय क्लीनिक का पुनः संचालन प्रशासनिक व्यवस्था पर भी प्रश्नचिह्न लगा रहा है।
अब देखना यह होगा कि जिम्मेदार अधिकारी इस मामले में कब तक संज्ञान लेते हैं और सील आदेशों का पालन सुनिश्चित कराते हैं।









