शिवपुरी मेडिकल कॉलेज में दुर्लभ सर्जरी, 14 वर्षीय बालिका के पेट से निकाला बालों का बड़ा गुच्छा

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

शिवपुरी, 14 सितंबर 2026। श्रीमंत राजमाता विजयाराजे सिंधिया चिकित्सा महाविद्यालय शिवपुरी में डॉक्टरों की टीम ने एक जटिल और दुर्लभ सर्जरी को सफलतापूर्वक अंजाम दिया है। सर्जरी विभाग के एसोसिएट प्रोफेसर डॉ. सौरभ चौहान और उनकी टीम ने 14 वर्षीय बालिका के पेट से बालों का बड़ा गुच्छा निकालकर उसे गंभीर परेशानी से राहत दिलाई।

जानकारी के अनुसार, बालिका को पेट में अत्यधिक दर्द की शिकायत के बाद मेडिकल कॉलेज के मेडिसिन विभाग में भर्ती कराया गया था। मेडिसिन विभाग के डॉ. दिव्यांश गुप्ता ने स्थिति की गंभीरता को देखते हुए बालिका को सर्जरी विभाग की यूनिट नंबर-2 में स्थानांतरित किया।

प्रारंभिक जांच में बालिका का हीमोग्लोबिन स्तर 7.6 पाया गया। जांच के दौरान पेट में परफोरेशन यानी छिद्र होने की आशंका भी सामने आई। सर्जरी से पहले बालिका को दो यूनिट रक्त चढ़ाया गया, जिसके बाद उसे ऑपरेशन के लिए तैयार किया गया।

जांच में सामने आई दुर्लभ बीमारी

आवश्यक जांचों के बाद डॉक्टरों ने बालिका में ट्राइकोबेजोर ऑफ स्टमक एंड डुओडेनम की पुष्टि की। इस स्थिति में निगले गए बाल पेट में जमा होकर धीरे-धीरे एक बड़े गुच्छे का रूप ले लेते हैं। इस मामले में बालों का गुच्छा इतना बड़ा था कि उसने पेट की पूरी कैविटी को घेर रखा था।

इसके बाद डॉक्टरों की टीम ने लेप्रोटोमी के जरिए सर्जरी की। डॉ. सौरभ चौहान के नेतृत्व में टीम ने पेट की बाहरी परत में चीरा लगाकर बेहद सावधानी से बालों के बड़े गुच्छे को बाहर निकाला।

डॉक्टरों की टीम ने निभाई अहम भूमिका

इस जटिल ऑपरेशन में एसोसिएट प्रोफेसर डॉ. सौरभ चौहान के साथ असिस्टेंट प्रोफेसर डॉ. कौशलेन्द्र नरवरिया और पीजी प्रथम वर्ष के छात्र डॉ. महेश पाटीदार शामिल रहे।

वहीं, निश्चेतना विभाग से डॉ. प्रियंका गुप्ता और उनकी टीम ने एनेस्थीसिया संबंधी महत्वपूर्ण जिम्मेदारी संभाली। ऑपरेशन के दौरान स्क्रब नर्स दिव्या ने भी सहयोग प्रदान किया।

सफल ऑपरेशन के बाद बालिका सुरक्षित बताई गई है। सर्जरी की सफलता से बालिका के परिजनों ने राहत की सांस ली है। मेडिकल कॉलेज की टीम ने इस जटिल मामले में समय पर उपचार और सामूहिक प्रयास से एक महत्वपूर्ण चिकित्सकीय सफलता हासिल की है।

DRM India News
Author: DRM India News

DRM INDIA NEWS एक नेशनल न्यूज़ चैनल है, जो देश और दुनिया की ताज़ा, सटीक और निष्पक्ष खबरों को तेजी से दर्शकों तक पहुंचाता है। हमारा उद्देश्य हर खबर को सच्चाई और जिम्मेदारी के साथ पेश करना

Leave a Comment

और पढ़ें