शिवपुरी में लोकायुक्त पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए राजस्व विभाग के प्रभारी आरआई देवेंद्र जैन को 2 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ पकड़ लिया। आरोपी पोहरी तहसील में पदस्थ है और किसान से जमीन का नक्शा सुधारने के नाम पर पैसे मांग रहा था।
जानकारी के अनुसार, ग्राम मचाकला निवासी किसान ब्रखभान धाकड़ से आरोपी आरआई पहले ही दो बार एक-एक हजार रुपये ले चुका था। इसके बावजूद करीब 5 महीने तक फाइल को लंबित रखा गया और कुल 5 हजार रुपये की रिश्वत की मांग की गई।
शिकायत के बाद लोकायुक्त टीम ने जाल बिछाया। शुक्रवार दोपहर करीब 1 से 1:30 बजे के बीच सिद्धेश्वर कॉलोनी स्थित अपने घर के नीचे जैसे ही देवेंद्र जैन ने किसान से 2 हजार रुपये लिए, ग्वालियर से आई लोकायुक्त टीम ने उन्हें तुरंत पकड़ लिया।
कार्रवाई के बाद आरोपी को सिटी कोतवाली ले जाया गया, जहां आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी की गई। इस पूरी कार्रवाई का नेतृत्व डीएसपी विनोद सिंह कुशवाह ने किया, जिनके साथ अन्य अधिकारी और कर्मचारी भी मौजूद रहे।
किसान ब्रखभान धाकड़ ने बताया कि जमीन के नक्शे में गड़बड़ी के कारण उनकी आधा बीघा जमीन पड़ोसी के हिस्से में चली गई थी। सीमांकन में भी करीब 8 बिस्वा जमीन कम निकली। इस संबंध में उन्होंने पोहरी एसडीएम को आवेदन दिया था, जिसके बाद मामला तहसील भेजा गया। लेकिन प्रभारी आरआई ने फाइल रोककर रिश्वत की मांग शुरू कर दी









