एनकाउंटर के डर से भागे बदमाश, शिवपुरी के ग्रामीणों ने दबोचा

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

झांसी क्राइम ब्रांच से बचने भाग रहे थे आरोपी, कार नहर पुलिया से टकराई; महिला समेत 4 बदमाश पकड़े गए

शिवपुरी | खनियाधाना थाना क्षेत्र

मध्य प्रदेश के शिवपुरी जिले के खनियाधाना थाना क्षेत्र अंतर्गत कफार गांव में शनिवार को एक बड़ा घटनाक्रम सामने आया, जहां उत्तर प्रदेश की क्राइम ब्रांच पुलिस से बचकर भाग रहे बदमाशों को ग्रामीणों ने साहस दिखाते हुए पकड़ लिया।

जानकारी के अनुसार, झांसी क्राइम ब्रांच पुलिस डकैती और अन्य गंभीर मामलों में फरार आरोपियों का पीछा कर रही थी। इसी दौरान बदमाशों की कार अनियंत्रित होकर नहर की पुलिया से टकरा गई। हादसे के बाद कार सवार तीन पुरुष और एक महिला मौके से भागकर गांव की ओर भागने लगे।

घटना को देखते हुए गांव के लोगों ने तुरंत सतर्कता दिखाई और आरोपियों को घेर लिया। इस दौरान जिला पंचायत सदस्य संध्या लोधी के परिवार के सदस्य सियाराम लोधी ने बहादुरी दिखाते हुए एक बदमाश को पकड़ लिया, जिसके बाद अन्य ग्रामीण भी मौके पर पहुंच गए और सभी चारों आरोपियों को काबू में कर लिया।

ग्रामीणों के मुताबिक, पकड़े गए एक आरोपी ने खुद को हत्या के मामले में ग्वालियर जेल से पैरोल पर छूटा होना बताया और कहा कि वह उत्तर प्रदेश पुलिस के एनकाउंटर के डर से भाग रहा था।

इसी बीच बदमाशों का पीछा कर रही झांसी क्राइम ब्रांच पुलिस की गाड़ी भी घटनास्थल के पास खाई में गिरने से बाल-बाल बच गई। सूचना मिलने पर खनियाधाना थाना पुलिस मौके पर पहुंची और ग्रामीणों से आरोपियों को अपने कब्जे में लिया।

पकड़े गए आरोपियों की पहचान दतिया जिले के ग्राम निचरोली निवासी लतीफ खान, फईम खान, सकूर खान और एक महिला के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि इन सभी के खिलाफ झांसी में डकैती, चोरी समेत कई आपराधिक मामले दर्ज हैं।

ग्रामीणों की सतर्कता और साहस के चलते एक बड़ी घटना टल गई और पुलिस को फरार बदमाशों को पकड़ने में सफलता मिली।

DRM India News
Author: DRM India News

DRM INDIA NEWS एक नेशनल न्यूज़ चैनल है, जो देश और दुनिया की ताज़ा, सटीक और निष्पक्ष खबरों को तेजी से दर्शकों तक पहुंचाता है। हमारा उद्देश्य हर खबर को सच्चाई और जिम्मेदारी के साथ पेश करना

Leave a Comment

और पढ़ें