बदरवास में दर्दनाक हादसा: लोहे के एंगल में दौड़े करंट से युवक की मौत
शिवपुरी जिले के बदरवास थाना क्षेत्र में गुरुवार शाम एक दर्दनाक हादसा सामने आया, जहां करंट की चपेट में आने से 30 वर्षीय युवक की मौत हो गई।
मृतक की पहचान विशन सिंह यादव, पुत्र मुसाब सिंह यादव, निवासी चंदौरिया के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार, युवक घरेलू सामान खरीदने के लिए बदरवास कस्बे आया हुआ था। इसी दौरान बारई मार्ग स्थित जमुना महाराज की दूध डेयरी के पास लोहे के एंगल में अचानक करंट आ गया, जिसकी चपेट में आने से वह गंभीर रूप से झुलस गया।
प्रत्यक्षदर्शियों ने युवक को बचाने की कोशिश की, लेकिन तब तक उसकी हालत बेहद गंभीर हो चुकी थी। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और युवक को तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
पुलिस ने मर्ग कायम कर शव का पोस्टमार्टम करवाने के बाद परिजनों को सौंप दिया है। फिलहाल मामले की जांच जारी है कि आखिर लोहे के एंगल में करंट कैसे आया।









