घरेलू गैस सिलेंडर की अवैध रिफिलिंग पर प्रशासन की सख्त कार्रवाई, 4 सिलेंडर व मशीनें जब्त

दतिया जिले में घरेलू गैस सिलेंडरों की अवैध रिफिलिंग के खिलाफ प्रशासन ने सख्त रुख अपनाते हुए बड़ी कार्रवाई की है। कलेक्टर स्वप्निल वानखड़े के निर्देश पर यह अभियान चलाया गया।
अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) भाण्ड़ेर के मार्गदर्शन में नायब तहसीलदार श्री गेंदालाल भारती और कनिष्ठ आपूर्ति अधिकारी श्री पंकज करौरिया की संयुक्त टीम ने क्षेत्र में जांच अभियान चलाया। इस दौरान भाण्ड़ेर के 4 पेट्रोल पंपों की भी जांच की गई, जहां आम जनता के लिए पर्याप्त डीजल और पेट्रोल का स्टॉक उपलब्ध पाया गया।
जांच के दौरान धामन की बगिया क्षेत्र में श्री आरिफ मंसूरी को घरेलू गैस सिलेंडरों की अवैध रिफिलिंग करते हुए रंगे हाथों पकड़ा गया। मौके से 4 घरेलू गैस सिलेंडर और 3 रिफिलिंग मशीनें जब्त की गईं। आरोपी के खिलाफ आवश्यक वस्तु अधिनियम के तहत कार्रवाई की गई है।
प्रशासन की इस कार्रवाई को अवैध गतिविधियों पर लगाम कसने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। Jansampark Madhya Pradesh के माध्यम से दी गई जानकारी के अनुसार, आगे भी इस तरह के अभियान लगातार जारी रहेंगे।








