खनिज विभाग की बड़ी कार्रवाई: अवैध खनन पर 01 जेसीबी व 04 ट्रैक्टर-ट्रॉली जब्त

गुना में कलेक्टर किशोर कुमार कन्याल के निर्देश पर जिले में अवैध खनन एवं परिवहन के खिलाफ सख्त अभियान लगातार जारी है। प्राप्त शिकायतों के आधार पर खनिज विभाग की टीम द्वारा विभिन्न क्षेत्रों में निगरानी और छापामार कार्रवाई की जा रही है।
इसी क्रम में ऊमरी थाना क्षेत्र के ग्राम खेरीखता में मुरम के अवैध उत्खनन की सूचना पर खनिज विभाग ने मौके पर पहुंचकर कार्रवाई की। निरीक्षण के दौरान 03 ट्रैक्टर-ट्रॉली एवं 01 जेसीबी मशीन को अवैध खनन करते हुए पाया गया, जिन्हें जब्त कर चौकी ऊमरी में खड़ा कराया गया।
इसके अलावा गुना-एबी रोड के पास अवैध रूप से एम-सैंड का परिवहन करते हुए 01 ट्रैक्टर-ट्रॉली को भी जब्त कर कलेक्ट्रेट परिसर में खड़ा कराया गया। इस प्रकार कुल 04 ट्रैक्टर-ट्रॉली और 01 जेसीबी मशीन को जब्त कर संबंधित वाहनों के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी गई है।
कलेक्टर किशोर कुमार कन्याल ने स्पष्ट किया है कि जिले में अवैध खनन और परिवहन किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और इस तरह की कार्रवाई आगे भी लगातार जारी रहेगी।
कार्रवाई के दौरान खनिज अधिकारी सचिन वर्मा, प्रभारी खनिज निरीक्षक विजय कुमार चक्रवर्ती सहित विभागीय अमला मौजूद रहा।








