कोलारस में अवैध खनिज भंडारण पर बड़ी कार्रवाई, 1999 घनमीटर गिट्टी-एम सैंड और मशीनरी जब्त

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

शिवपुरी। जिले में अवैध खनन, परिवहन और खनिज भंडारण के खिलाफ प्रशासन का अभियान लगातार जारी है। कलेक्टर अर्पित वर्मा के निर्देश पर जिला टास्क फोर्स द्वारा कोलारस क्षेत्र में बड़ी कार्रवाई करते हुए भारी मात्रा में अवैध रूप से भंडारित खनिज सामग्री और मशीनरी जब्त की गई है।

जानकारी के अनुसार, अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) कोलारस के नेतृत्व में तहसीलदार कोलारस और खनिज निरीक्षक की संयुक्त टीम ने ग्राम पड़ोरा स्थित सर्वे क्रमांक 681/1 क्षेत्र का निरीक्षण किया। जांच के दौरान मौके पर खनिज गिट्टी और एम-सैंड का भंडारण पाया गया। संबंधित व्यक्तियों से वैध अनुमति और दस्तावेज मांगे गए, लेकिन कोई प्रमाण प्रस्तुत नहीं किया जा सका।

 

निरीक्षण में लगभग 555 घनमीटर एम-सैंड और 1444 घनमीटर गिट्टी अवैध रूप से भंडारित मिली। प्रशासन ने तत्काल पंचनामा तैयार कर पूरी सामग्री को जब्त कर लिया। इसके साथ ही एक जेसीबी मशीन, एक डंपर और दो मिक्सर मशीनें भी जब्त कर पुलिस थाना कोलारस की अभिरक्षा में रखवाई गई हैं।

प्रशासन ने संबंधित व्यक्तियों के खिलाफ मध्यप्रदेश खनिज (अवैध खनन, परिवहन तथा भंडारण का निवारण) नियम, 2022 के तहत प्रकरण दर्ज कर अर्थदंड की कार्रवाई प्रस्तावित की है। मामला आगे की सुनवाई के लिए न्यायालय कलेक्टर को भेज दिया गया है।

वहीं अवैध खनिज परिवहन के मामलों में भी सख्ती बरतते हुए कलेक्टर ने 6 डंपर एवं हाईवा वाहनों के मालिकों पर अधिकतम अर्थदंड लगाया है। इस कार्रवाई के तहत कुल 8 लाख 61 हजार 376 रुपये की राशि शासन के खाते में जमा कराई गई है।

जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि अवैध खनन, परिवहन और भंडारण के खिलाफ आगे भी इसी तरह सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।

DRM India News
Author: DRM India News

DRM INDIA NEWS एक नेशनल न्यूज़ चैनल है, जो देश और दुनिया की ताज़ा, सटीक और निष्पक्ष खबरों को तेजी से दर्शकों तक पहुंचाता है। हमारा उद्देश्य हर खबर को सच्चाई और जिम्मेदारी के साथ पेश करना

Leave a Comment

और पढ़ें