कोर्ट रोड कन्या स्कूल की प्राचार्य 1.5 घंटे लेट, 50 अतिथि शिक्षक परेशान

शिवपुरी। शासकीय कन्या उत्कृष्ट उच्चतर माध्यमिक विद्यालय कोर्ट रोड में शनिवार को अतिथि शिक्षक सत्यापन प्रक्रिया के दौरान अव्यवस्था देखने को मिली। निर्धारित समय दोपहर 12 बजे से 3 बजे तक रखा गया था, लेकिन विद्यालय की प्राचार्य श्रीमती प्रेमलता गुप्ता समय पर स्कूल नहीं पहुंचीं।
जानकारी के अनुसार प्राचार्य करीब डेढ़ घंटे की देरी से लगभग 1:30 बजे विद्यालय पहुंचीं। इस दौरान करीब 40 से 50 अतिथि शिक्षक विद्यालय परिसर में सत्यापन के लिए इंतजार करते रहे।
अतिथि शिक्षकों ने बताया कि उन्हें समय पर बुलाया गया था और वे अपने आवश्यक दस्तावेजों के साथ विद्यालय पहुंचे थे। कई शिक्षक दूर-दराज क्षेत्रों से आए थे, लेकिन जिम्मेदार अधिकारी की अनुपस्थिति के कारण उन्हें भीषण गर्मी में लंबे समय तक बैठना पड़ा।
शिक्षकों ने इस व्यवस्था पर नाराजगी जताते हुए कहा कि सत्यापन जैसी महत्वपूर्ण प्रक्रिया में समय की पाबंदी जरूरी है। समय पर प्रक्रिया शुरू न होने से शिक्षकों का समय बर्बाद हुआ और उन्हें अनावश्यक परेशानियों का सामना करना पड़ा।
अतिथि शिक्षकों ने जिला प्रशासन और कलेक्टर से मामले का संज्ञान लेने की मांग की है, ताकि भविष्य में ऐसी लापरवाही दोबारा न हो।








