शिवपुरी। जनसुनवाई में प्राप्त शिकायतों के बाद जनपद पंचायत शिवपुरी की ग्राम पंचायत खोरघार में प्रशासनिक कार्रवाई तेज हो गई है। कलेक्टर एवं जिला मजिस्ट्रेट श्री अर्पित वर्मा के निर्देश पर जिला पंचायत द्वारा शिकायतों की जांच के लिए चार सदस्यीय समिति गठित की गई है। समिति को 15 दिवस के भीतर अपनी जांच रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए हैं।

मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत श्री विजय राज द्वारा गठित जांच समिति में ग्रामीण यांत्रिकी सेवा के कार्यपालन यंत्री श्री जी.के. श्रीवास्तव, स्वच्छ भारत मिशन के जिला समन्वयक श्री सत्यमूर्ति पाण्डेय, जनपद पंचायत शिवपुरी के सहायक यंत्री श्री सतेन्द्र कुशवाह तथा मनरेगा के अतिरिक्त कार्यक्रम अधिकारी श्री नंद किशोर शर्मा को शामिल किया गया है।
इधर, ग्राम पंचायत खोरघार में विकास कार्यों एवं जनकल्याणकारी योजनाओं के संचालन को प्रभावित होने से बचाने के लिए प्रशासन ने वैकल्पिक व्यवस्था भी की है। जारी आदेश के अनुसार ग्राम पंचायत कपराना के सचिव श्री अशोक रावत को अपने वर्तमान दायित्वों के साथ खोरघार पंचायत का अतिरिक्त प्रभार सौंपा गया है।
उल्लेखनीय है कि खोरघार पंचायत के सचिव श्री पहलवान सिंह रावत के विरुद्ध प्राप्त शिकायतों की जांच जारी है। जांच प्रक्रिया को निष्पक्ष एवं प्रभावी बनाए रखने के उद्देश्य से उन्हें अस्थायी रूप से जनपद पंचायत शिवपुरी से संबद्ध किया गया है। प्रशासन का कहना है कि पंचायत स्तर पर विकास कार्यों और नागरिक सेवाओं का संचालन बिना किसी व्यवधान के जारी रहेगा








