शिवपुरी। जिले के कोलारस थाना क्षेत्र में एक युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मौत के मामले में परिजनों ने निष्पक्ष जांच की मांग उठाई है। मृतक के परिवार ने पुलिस अधीक्षक शिवपुरी को आवेदन सौंपकर मामले की दोबारा जांच कराने और दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।

आवेदन के अनुसार, ग्राम संगेश्वर निवासी महेश जाटव का शव 26 मार्च 2026 को ग्राम पिपरोदा में जामफल के पेड़ पर फांसी के फंदे से लटका हुआ मिला था। परिजनों का आरोप है कि घटनास्थल की परिस्थितियां आत्महत्या की बजाय हत्या की आशंका को दर्शाती हैं। आवेदन में दावा किया गया है कि मृतक के पैरों पर चोट और जलने जैसे निशान थे तथा घटनास्थल से जूते-चप्पल भी नहीं मिले थे।

परिजनों ने कुछ लोगों पर संदेह जताते हुए आरोप लगाया है कि महेश जाटव की हत्या कर शव को फांसी पर लटका दिया गया। साथ ही आरोप है कि पूर्व में दिए गए आवेदनों पर अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई है। परिवार का कहना है कि उन्हें लगातार धमकियां भी मिल रही हैं और मामले की निष्पक्ष जांच नहीं की जा रही है।

आवेदन में पुलिस अधीक्षक से पूरे मामले की निष्पक्ष एवं गहन जांच कराने तथा दोषियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई करने की मांग की गई है, जिससे पीड़ित परिवार को न्याय मिल सके।
नोट: समाचार में उल्लेखित आरोप आवेदनकर्ता एवं परिजनों द्वारा लगाए गए हैं। मामले में पुलिस जांच और आधिकारिक निष्कर्ष आना अभी शेष है।








