शिवपुरी जिले की बैराड थाना पुलिस ने चोरी के एक मामले का सफल खुलासा करते हुए चोरी गई बोर की केबिल एवं घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल बरामद कर चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार फरियादी राजकुमार शर्मा निवासी ग्राम रैय्यन ने थाना बैराड में शिकायत दर्ज कराई थी कि 16-17 जून 2026 की दरम्यानी रात अज्ञात चोरों ने उसके बोर पर बने कमरे का ताला तोड़कर करीब 34 किलो वजन की केबिल चोरी कर ली थी, जिसकी कीमत लगभग 70 हजार रुपये थी। शिकायत के आधार पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की।
पुलिस अधीक्षक श्रीमती यांगचेन डोलकर भूटिया के निर्देश पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक संजीव मुले एवं एसडीओपी पोहरी आनंद राय के मार्गदर्शन में गठित टीम ने मुखबिर की सूचना पर ग्राम रैय्यन में दबिश देकर मातादीन कुशवाह, धरमसिंह कुशवाह, हल्के कुशवाह और श्यामवरन रावत को गिरफ्तार किया।
पूछताछ के दौरान आरोपियों ने चोरी की वारदात स्वीकार कर ली। उनकी निशानदेही पर चोरी गई करीब 34 किलो वजन की केबिल, जिसकी कीमत 70 हजार रुपये है, बरामद की गई। साथ ही चोरी में प्रयुक्त मोटरसाइकिल भी जब्त कर ली गई, जिसकी अनुमानित कीमत 60 हजार रुपये बताई गई है।
पुलिस ने सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश करने की कार्रवाई शुरू कर दी है। इस कार्रवाई में थाना प्रभारी सुरेश शर्मा सहित पुलिस टीम के कई अधिकारियों एवं कर्मचारियों की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
बैराड पुलिस की इस कार्रवाई को क्षेत्र में चोरी की घटनाओं पर अंकुश लगाने की दिशा में महत्वपूर्ण सफलता माना जा रहा है।








