कलेक्टर के निर्देश पर चला अभियान, होटल-रेस्टोरेंट की भी हुई सघन जांच

गुना। घरेलू गैस सिलेंडरों के दुरुपयोग को रोकने और आम उपभोक्ताओं को गैस की सुचारू उपलब्धता सुनिश्चित करने के लिए जिला प्रशासन ने सख्त कदम उठाए हैं। कलेक्टर किशोर कुमार कन्याल के निर्देशानुसार चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत 23 मार्च 2026 को बड़ी कार्रवाई की गई।
जिला आपूर्ति अधिकारी अवधेश पांडेय के निर्देशन एवं कनिष्ठ आपूर्ति अधिकारी आशीष चतुर्वेदी के नेतृत्व में जांच दल ने कैंट क्षेत्र स्थित राजकुमार खटीक की दुकान पर छापेमारी की। जांच के दौरान घरेलू गैस सिलेंडरों का व्यावसायिक उपयोग और अवैध रिफिलिंग करते पाए जाने पर 2 सिलेंडर और एक रिफिलिंग उपकरण जब्त किया गया।
इसके साथ ही टीम ने शहर के विभिन्न होटल, रेस्टोरेंट और हलवाई प्रतिष्ठानों की भी सघन जांच की। सागर मिष्ठान भंडार (कैंट), भल्ला किराना (शीतला माता), सरदार गैस रिपेयरिंग (हाट रोड), साउथ इंडियन अन्ना डोसा (लक्ष्मीगंज), न्यू एटूजेड रिपेयरिंग (लक्ष्मीगंज), राजपूत गैस रिपेयरिंग (लक्ष्मीगंज) और जैन वेलकम होटल (बूढ़े बालाजी) सहित कई स्थानों का निरीक्षण किया गया।
जांच के दौरान पाया गया कि अधिकांश प्रतिष्ठानों में खाना बनाने के लिए डीजल भट्टी, कोयला भट्टी और इंडक्शन का उपयोग किया जा रहा है। अधिकारियों ने संचालकों को निर्देश दिए कि वे इंडक्शन और डीजल भट्टी का अधिक उपयोग करें तथा जहां पाइपलाइन गैस उपलब्ध है, वहां कनेक्शन लेने के लिए आगे आएं।
राजकुमार खटीक के खिलाफ घरेलू गैस सिलेंडरों के दुरुपयोग और अवैध रिफिलिंग के मामले में द्रवीकृत पेट्रोलियम गैस (प्रदाय एवं वितरण विनियमन) आदेश, 2000 के तहत प्रकरण दर्ज किया गया है। यह मामला आवश्यक वस्तु अधिनियम, 1955 के अंतर्गत दर्ज किया गया है।
जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि इस तरह की कार्रवाई आगे भी लगातार जारी रहेगी, ताकि घरेलू गैस सिलेंडरों का दुरुपयोग रोका जा सके और आम जनता को किसी प्रकार की परेशानी न हो।








