
करैरा पुलिस की बड़ी कार्रवाई: 24 पेटी अवैध शराब के साथ आरोपी गिरफ्तार
शिवपुरी। करैरा थाना क्षेत्र में पुलिस ने अवैध शराब के खिलाफ सख्त कार्रवाई करते हुए 24 पेटी देशी शराब के साथ एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई जिले में चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत की गई।
थाना प्रभारी निरीक्षक विनोद सिंह छावई ने बताया कि पुलिस अधीक्षक अमन सिंह राठौड़ के निर्देश पर अवैध गतिविधियों पर लगातार निगरानी रखी जा रही है। इसी क्रम में 1 अप्रैल को पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि ग्राम टीला निवासी कमलेश राय अपने कुएं पर बने कमरे में अवैध शराब का भंडारण कर रहा है।
सूचना की पुष्टि के लिए पुलिस टीम मौके पर पहुंची, जहां आरोपी कमलेश राय (45) मिला। तलाशी के दौरान कमरे में भूसे के बीच छिपाकर रखी गई 24 पेटी देशी प्लेन शराब बरामद की गई। प्रत्येक पेटी में 50-50 क्वार्टर पाए गए।
आरोपी शराब रखने और बेचने से संबंधित कोई वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका। पुलिस ने करीब 1.20 लाख रुपये कीमत की शराब जब्त कर आरोपी के खिलाफ धारा 34(2) म.प्र. आबकारी एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया है।
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि 1 अप्रैल से लागू नई आबकारी नीति के चलते पुराने ठेकेदारों ने सस्ती दरों पर शराब बेची थी। आरोपी ने इसी का फायदा उठाकर सस्ती शराब खरीदकर उसे बाद में महंगे दामों पर बेचने की योजना बनाई थी।
फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है।








