Shivpuri today news : कनेक्शन और बिल जारी… लेकिन बिजली नहीं! शिवपुरी के ग्रामीणों का कलेक्टर से न्याय की गुहार

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

कनेक्शन और बिल जारी… लेकिन बिजली नहीं! शिवपुरी के ग्रामीणों का कलेक्टर से न्याय की गुहार

शिवपुरी। जिले में मूलभूत सुविधाओं और सरकारी योजनाओं का लाभ नहीं मिलने से परेशान ग्रामीणों ने मंगलवार को कलेक्ट्रेट पहुंचकर जिला कलेक्टर के नाम ज्ञापन सौंपा। ज्ञापनों में बिजली व्यवस्था और संबल योजना का लाभ दिलाने की मांग की गई।

पिछोर तहसील के ग्राम भांति के मजरा बंजरयाऊज के ग्रामीणों ने बताया कि उनके आबादी क्षेत्र में आज तक बिजली की लाइन नहीं बिछाई गई है। ग्रामीणों का कहना है कि विद्युत विभाग ने कनेक्शन तो जारी कर दिए और बिजली के बिल भी नियमित भेजे जा रहे हैं, लेकिन आबादी तक बिजली लाइन नहीं पहुंची। मजबूरी में लोग खेती की लाइन से अस्थायी तार जोड़कर बिजली का उपयोग कर रहे हैं, जिससे कभी भी बड़ा हादसा हो सकता है।

ग्रामीणों ने यह भी बताया कि गांव के प्राथमिक विद्यालय में भी बिजली नहीं है, जिससे बच्चों की पढ़ाई प्रभावित हो रही है। बारिश के मौसम में अंधेरे के कारण जहरीले जीव-जंतुओं का खतरा बना रहता है। ग्रामीणों ने गांव भांति से आबादी क्षेत्र तक शीघ्र बिजली लाइन बिछाने की मांग की है।

वहीं, एक अन्य आवेदन में पिछोर तहसील के निवासी दुर्गाचंद आदिवासी ने संबल योजना में पंजीयन होने के बावजूद सहायता राशि नहीं मिलने की शिकायत की। उनका आरोप है कि पात्र होने के बावजूद उन्हें योजना का लाभ नहीं मिल रहा है। उन्होंने जिला प्रशासन से मामले की जांच कर जल्द सहायता राशि उपलब्ध कराने की मांग की।

दोनों मामलों में आवेदकों ने जिला प्रशासन से शीघ्र कार्रवाई कर समस्याओं का समाधान कराने की मांग की है। अब देखना होगा कि प्रशासन इन शिकायतों पर क्या कदम उठाता है।

DRM India News
Author: DRM India News

DRM INDIA NEWS एक नेशनल न्यूज़ चैनल है, जो देश और दुनिया की ताज़ा, सटीक और निष्पक्ष खबरों को तेजी से दर्शकों तक पहुंचाता है। हमारा उद्देश्य हर खबर को सच्चाई और जिम्मेदारी के साथ पेश करना

Leave a Comment

और पढ़ें