शिवपुरी: जिंदा बेटे को कागजों में कर दिया मृत, खुद का मृत्यु प्रमाण पत्र लेकर कलेक्टर जनसुनवाई पहुंचा पीड़ित”
![]()
शिवपुरी। सरकारी दफ्तरों की लापरवाही कभी-कभी ऐसी तस्वीर पेश कर देती है, जिस पर यकीन करना मुश्किल हो जाता है। शिवपुरी जिले की रन्नौद नगर पंचायत का ऐसा ही एक मामला मंगलवार की जनसुनवाई में सामने आया, जहां एक व्यक्ति अपने पिता का नहीं बल्कि खुद का गलत मृत्यु प्रमाण पत्र लेकर कलेक्टर के समक्ष न्याय की गुहार लगाने पहुंचा।
जानकारी के अनुसार, नगर पंचायत ने जिस व्यक्ति की वास्तव में मृत्यु हुई थी, उसकी जगह उसके जीवित बेटे का मृत्यु प्रमाण पत्र जारी कर दिया। इस गंभीर प्रशासनिक त्रुटि के कारण सरकारी रिकॉर्ड में जीवित व्यक्ति को मृत दर्शा दिया गया।
पीड़ित का कहना है कि उसने इस गलती को सुधारने के लिए कई बार संबंधित कार्यालय में आवेदन दिए, लेकिन वर्षों बीत जाने के बाद भी रिकॉर्ड में कोई सुधार नहीं किया गया। अब स्थिति यह है कि उसे अपने जीवित होने का प्रमाण देने के लिए सरकारी दफ्तरों के चक्कर लगाने पड़ रहे हैं।
मामला मंगलवार की जनसुनवाई में कलेक्टर के सामने पहुंचा, जहां पीड़ित ने गलत मृत्यु प्रमाण पत्र प्रस्तुत कर कार्रवाई की मांग की। यह घटना सरकारी रिकॉर्ड की शुद्धता और जिम्मेदार अधिकारियों की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े करती है।








