फायर ब्रिगेड आधे घंटे देरी से पहुंची

गुना। शहर के बड़े पुल के पास रविवार को एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया, जब चलती कार में अचानक आग लग गई। कार में इंदौर का एक परिवार सवार था, जो ओरछा में श्री राम राजा सरकार के दर्शन कर वापस इंदौर लौट रहा था।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, कार से अचानक धुआं निकलने लगा और देखते ही देखते आग ने पूरे वाहन को अपनी चपेट में ले लिया। कार सवार परिवार ने समय रहते बाहर निकलकर अपनी जान बचाई। हालांकि कुछ ही मिनटों में कार पूरी तरह जलकर खाक हो गई।
घटना की सूचना तुरंत फायर ब्रिगेड को दी गई, लेकिन शहर में जाम की स्थिति होने के कारण दमकल वाहन को मौके पर पहुंचने में करीब आधा घंटा लग गया। तब तक कार पूरी तरह जल चुकी थी।
मिली जानकारी के अनुसार, कार इंदौर निवासी अंशुल मांडलिक की बताई जा रही है। हादसे में किसी के हताहत होने की खबर नहीं है, लेकिन परिवार को आर्थिक नुकसान जरूर हुआ है।
घटना के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई और यातायात कुछ देर के लिए प्रभावित रहा। आग लगने के कारणों का फिलहाल पता नहीं चल पाया है।








