शिवपुरी। नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत थाना फिजीकल पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने स्मैक बेचने की फिराक में खड़े एक आरोपी को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से 106 ग्राम स्मैक, 52 हजार रुपये नकद, मोबाइल फोन और एक मोटरसाइकिल सहित कुल 28 लाख 2 हजार रुपये का माल जब्त किया है।

पुलिस अधीक्षक यांगचेन डोलकर भूटिया के निर्देश पर जिले में नशीले पदार्थों के अवैध कारोबार के खिलाफ लगातार कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक संजीव मुले और नगर पुलिस अधीक्षक संजय चतुर्वेदी के मार्गदर्शन में थाना फिजीकल प्रभारी निरीक्षक कृपाल सिंह राठौड़ के नेतृत्व में विशेष टीम का गठन किया गया था।
पुलिस को सूचना मिली थी कि एक व्यक्ति करवला पुलिया के पास स्मैक बेचने की नीयत से खड़ा है। सूचना के आधार पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची। पुलिस को देखकर संदिग्ध भागने लगा, लेकिन घेराबंदी कर उसे पकड़ लिया गया। पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम रामनिवास उर्फ करुआ रावत (35) निवासी ग्राम पाटई, थाना आरोन, जिला ग्वालियर बताया।
तलाशी के दौरान आरोपी के पास से 106 ग्राम स्मैक बरामद हुई, जिसकी अनुमानित कीमत लगभग 26.50 लाख रुपये बताई गई है। इसके अलावा 52 हजार रुपये नकद, एक मोबाइल फोन और अपराध में प्रयुक्त हीरो होंडा स्प्लेंडर मोटरसाइकिल भी जब्त की गई।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/21 के तहत मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया है। फिलहाल आरोपी से स्मैक के स्रोत और नेटवर्क के संबंध में पूछताछ की जा रही है। पुलिस का कहना है कि पूछताछ में सामने आने वाले अन्य आरोपियों के खिलाफ भी कार्रवाई की जाएगी।
थाना फिजीकल पुलिस ने स्पष्ट किया है कि शिवपुरी शहर को नशा मुक्त बनाने के लिए नशीले पदार्थों का सेवन और कारोबार करने वालों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा।








