यूट्यूब स्टार रचना गुर्जर के घर लाखों की चोरी, CCTV को चकमा देकर जेवर-नगदी ले उड़े बदमाश
नरवर। क्षेत्र में चोरी की घटनाएं लगातार बढ़ती जा रही हैं। ताजा मामला नरवर थाना क्षेत्र के मोहानी ख्यावदा गांव का है, जहां प्रसिद्ध यूट्यूब स्टार रचना गुर्जर के घर देर रात अज्ञात बदमाशों ने बड़ी चोरी की वारदात को अंजाम दिया। चोरों ने बाउंड्री की जाली काटकर घर में प्रवेश किया और लाखों रुपये के जेवरात एवं नगदी चोरी कर फरार हो गए।
जानकारी के अनुसार, घटना देर रात की बताई जा रही है। बदमाश पहले घर की सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लेते रहे और फिर सुनियोजित तरीके से घर में घुस गए। आरोप है कि चोरों ने परिवार के सदस्यों को कमरे में बंद कर दिया, जिससे कोई उनका विरोध न कर सके। इसके बाद घर में रखे कीमती जेवरात, नगदी और अन्य सामान लेकर फरार हो गए।
बताया जा रहा है कि घर में CCTV कैमरे भी लगे हुए थे, लेकिन चोर बड़ी चतुराई से कैमरों को चकमा देकर वारदात को अंजाम देने में सफल रहे। घटना की जानकारी मिलते ही क्षेत्र में सनसनी फैल गई और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंच गए।
सूचना मिलने पर पुलिस भी मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने आसपास के क्षेत्र में लगे CCTV फुटेज खंगालना शुरू कर दिया है तथा अज्ञात आरोपियों की तलाश जारी है।
इस घटना के बाद क्षेत्र के लोगों में भय और आक्रोश का माहौल है। ग्रामीणों का कहना है कि लगातार बढ़ रही चोरी की घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए पुलिस को सख्त कदम उठाने चाहिए ताकि लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित हो सके।
फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है और जल्द ही आरोपियों की गिरफ्तारी का दावा कर रही है।








