ग्राम पंचायत चदेनी में श्मशान घाट का अधूरा निर्माण, जांच की मांग
ग्राम पंचायत चदेनी के ग्राम बांगरोद में श्मशान घाट का निर्माण अधूरा होने का मामला सामने आया है। निर्माण कार्य पूरा नहीं होने से ग्रामीणों को अंतिम संस्कार के दौरान परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। अब इस अधूरे निर्माण को लेकर कई सवाल खड़े हो रहे हैं—यदि निर्माण कार्य अधूरा है तो इसे किस आधार पर पास किया गया? क्या मौके पर निर्माण की गुणवत्ता और पूर्णता का सत्यापन किया गया था? कार्य की स्वीकृत राशि कितनी थी और अब तक कितना भुगतान किया गया?

ग्रामीणों का आरोप है कि विकास कार्यों में लापरवाही बरती गई है। इसी को लेकर ग्रामीणों ने संबंधित कार्य की जांच कराने की मांग उठाई है। ग्रामीणों का कहना है कि श्मशान घाट के निर्माण में स्वीकृत राशि, खर्च और निर्माण की स्थिति की निष्पक्ष जांच होनी चाहिए। साथ ही यह भी स्पष्ट होना चाहिए कि निर्माण कार्य की माप पुस्तिका में क्या दर्ज है, किस अधिकारी या कर्मचारी ने कार्य का सत्यापन किया और भुगतान किस आधार पर जारी हुआ।

ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि मौके पर जांच कर निर्माण कार्य की वास्तविक स्थिति सामने लाई जाए। प्रशासन से सवाल है कि अधूरा निर्माण होने के बावजूद यदि कार्य को पूर्ण या पास दर्शाया गया है, तो इसकी जवाबदेही किसकी है? ग्रामीणों का कहना है कि जांच के बाद ही स्पष्ट होगा कि निर्माण में लापरवाही या कोई अनियमितता हुई है या नहीं। यदि जांच में गड़बड़ी सामने आती है तो जिम्मेदारों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जानी चाहिए।








