कोलारस नगर के लिए एक बड़ी सौगात सामने आई है। लंबे समय से प्रतीक्षित खेल स्टेडियम निर्माण को आखिरकार मंजूरी मिल गई है, जिससे क्षेत्र के खेल प्रेमियों और युवाओं में उत्साह का माहौल है।
कोलारस विधानसभा क्षेत्र में विधायक महेंद्र यादव के निरंतर प्रयासों के चलते यह महत्वपूर्ण उपलब्धि हासिल हुई है। क्षेत्र के युवा लंबे समय से आधुनिक खेल सुविधाओं की मांग कर रहे थे, जिसे अब मध्यप्रदेश सरकार ने पूरा कर दिया है।
मध्यप्रदेश शासन खेल एवं युवा कल्याण विभाग द्वारा स्टेडियम निर्माण को स्वीकृति प्रदान की गई है। यह अत्याधुनिक स्टेडियम एसडीएम कार्यालय के सामने, इंडोर स्टेडियम के समीप लगभग 13 बीघा भूमि पर बनाया जाएगा।
इस परियोजना पर करीब 3 करोड़ 23 लाख रुपये की लागत आएगी। स्टेडियम के निर्माण से क्षेत्र के खिलाड़ियों को बेहतर प्रशिक्षण, अभ्यास और प्रतियोगिताओं के अवसर मिलेंगे।
स्थानीय युवाओं का मानना है कि इस स्टेडियम के बनने से उन्हें बड़े स्तर पर अपनी प्रतिभा दिखाने का मौका मिलेगा, जिससे वे जिले और प्रदेश का नाम रोशन कर सकेंगे।
इस घोषणा के बाद से ही खेल प्रेमियों में खुशी की लहर है और लोग इसे क्षेत्र के विकास की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम मान रहे हैं।
अब सभी की नजरें इस बात पर टिकी हैं कि स्टेडियम का निर्माण कार्य कब शुरू होता है और इसे कब तक पूरा किया जाएगा।








