शिवपुरी। विकासखंड कोलारस के ग्राम पचावली में प्राकृतिक खेती कार्यशाला सह कृषक संगोष्ठी का सफल आयोजन किया गया। कार्यक्रम कलेक्टर श्री अर्पित वर्मा के मार्गदर्शन में विश्व पर्यावरण दिवस एवं अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के मध्य चल रहे विशेष अभियान के तहत आयोजित हुआ। क्षेत्रीय विधायक महेन्द्र सिंह यादव मुख्य अतिथि रहे।

कार्यक्रम में कृषि विशेषज्ञों और वैज्ञानिकों ने किसानों को प्राकृतिक खेती, जैविक आदानों के उपयोग, जीवामृत, घनजीवामृत एवं नीमास्त्र बनाने की विधि तथा कम लागत में अधिक उत्पादन प्राप्त करने के उपायों की जानकारी दी। उपसंचालक कृषि मुनेश कुमार शाक्य ने रासायनिक उर्वरकों के दुष्प्रभाव और प्राकृतिक खेती के लाभों पर विस्तार से प्रकाश डाला।
कार्यशाला में जनप्रतिनिधियों, कृषि अधिकारियों एवं कर्मचारियों के साथ 350 से अधिक किसानों ने सहभागिता की। कार्यक्रम का संचालन कृषि विभाग एवं आत्मा परियोजना के सहयोग से किया गया।








