बदलहार/तेंदुआ (शिवपुरी)। ग्राम पंचायत तेंदुआ के अंतर्गत आने वाले ग्राम बदलहार स्थित शासकीय प्राथमिक विद्यालय की जर्जर हालत बच्चों और शिक्षकों के लिए गंभीर चिंता का विषय बनी हुई है। विद्यालय भवन के कई पिलर पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो चुके हैं। पिलरों से सीमेंट और गिट्टी झड़ चुकी है तथा लोहे की सरिया बाहर निकल आई है। ग्रामीणों का कहना है कि भवन की स्थिति इतनी खराब हो चुकी है कि कभी भी पिलर टूट सकते हैं और छत गिर सकती है, जिससे बड़ा हादसा होने की आशंका बनी हुई है।

ग्रामीणों के अनुसार विद्यालय में प्रतिदिन छोटे-छोटे बच्चे पढ़ने आते हैं, लेकिन उनकी सुरक्षा को लेकर कोई ठोस कदम नहीं उठाया जा रहा है। कई बार शिकायतों के बावजूद जिम्मेदार विभाग द्वारा केवल औपचारिक कार्रवाई की गई है।

बताया गया है कि ग्रामीणों ने 181 हेल्पलाइन पर भी शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत के बाद क्षतिग्रस्त पिलरों के आसपास रस्सी बांध दी गई, लेकिन भवन की मरम्मत या पुनर्निर्माण का कार्य आज तक शुरू नहीं किया गया। ग्रामीणों का आरोप है कि यह केवल खानापूर्ति है और इससे बच्चों की सुरक्षा सुनिश्चित नहीं होती।
विद्यालय में शौचालय और पेयजल जैसी मूलभूत सुविधाओं का भी अभाव है। ग्रामीणों ने सवाल उठाया है कि जब सरकार द्वारा स्कूलों के रखरखाव और मरम्मत के लिए फंड जारी किया जाता है, तो फिर विद्यालय की यह स्थिति क्यों बनी हुई है।
ग्रामीणों ने जिला प्रशासन, शिक्षा विभाग और जनप्रतिनिधियों से मांग की है कि विद्यालय भवन का तत्काल तकनीकी निरीक्षण कराया जाए तथा जर्जर भवन को मरम्मत या पुनर्निर्माण कर बच्चों की सुरक्षा सुनिश्चित की जाए। ग्रामीणों का कहना है कि यदि समय रहते कार्रवाई नहीं हुई तो किसी भी दिन बड़ा हादसा हो सकता है, जिसकी पूरी जिम्मेदारी संबंधित विभाग और प्रशासन की होगी।








