थाना सिरसौद पुलिस की बड़ी सफलता, “ऑपरेशन मुस्कान” के तहत 6 घंटे में नाबालिग बालिका सुरक्षित बरामद

शिवपुरी जिले के थाना सिरसौद पुलिस ने “ऑपरेशन मुस्कान” के तहत त्वरित कार्रवाई करते हुए अपहृत नाबालिग बालिका को मात्र 6 घंटे के भीतर सुरक्षित दस्तयाब कर एक सराहनीय सफलता हासिल की है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, अपराध क्रमांक 105/26 के तहत एक नाबालिग बालिका के अपहरण की सूचना मिलते ही पुलिस ने तत्काल सक्रियता दिखाते हुए मामला दर्ज किया और टीम गठित कर खोजबीन शुरू कर दी। पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों एवं मुखबिर तंत्र की मदद से तेजी से कार्रवाई करते हुए बालिका का पता लगाया।
लगातार प्रयासों के चलते पुलिस टीम ने महज 6 घंटे के भीतर बालिका को सुरक्षित बरामद कर लिया। इस दौरान पुलिस की सजगता और तत्परता से एक बड़ा हादसा टल गया। बालिका को सकुशल परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया है।
पुलिस अधीक्षक द्वारा टीम के इस सराहनीय कार्य की प्रशंसा की गई है और भविष्य में भी इसी तरह तत्परता से कार्य करने के निर्देश दिए गए हैं। “ऑपरेशन मुस्कान” के तहत बच्चों की सुरक्षा के लिए लगातार अभियान चलाया जा रहा है।








