जल संरक्षण और जनभागीदारी को बढ़ावा देने के उद्देश्य से चलाए जा रहे जल गंगा संवर्धन अभियान के अंतर्गत बुधवार को शिवपुरी के ऐतिहासिक भुजरियां तालाब पर श्रमदान कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में नगरपालिका अध्यक्ष गायत्री शर्मा, जिला समन्वयक जन अभियान परिषद डॉ. रीना शर्मा, मंडल अध्यक्ष चंदन सिंह धाकड़, विकासखंड समन्वयक शिशुपाल सिंह जादौन एवं वरिष्ठ पत्रकार राजकुमार शर्मा सहित बड़ी संख्या में सामाजिक कार्यकर्ताओं और नागरिकों ने सहभागिता की।

कार्यक्रम के दौरान नगरपालिका अध्यक्ष गायत्री शर्मा ने कहा कि जल गंगा संवर्धन अभियान का उद्देश्य लोगों को जल संरक्षण के प्रति जागरूक करना और जल स्त्रोतों के पुनरुद्धार में जनभागीदारी सुनिश्चित करना है। उन्होंने कहा कि जब शासन और समाज मिलकर कार्य करते हैं, तभी किसी अभियान को वास्तविक सफलता मिलती है। उन्होंने जन अभियान परिषद के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि नगरपालिका शिवपुरी और जन अभियान परिषद मिलकर जल स्त्रोतों के संरक्षण और कायाकल्प के लिए निरंतर कार्य करेंगे।
जिला समन्वयक डॉ. रीना शर्मा ने बताया कि कलेक्टर एवं जिला मजिस्ट्रेट अर्पित वर्मा के निर्देशानुसार जन अभियान परिषद द्वारा जल गंगा संवर्धन अभियान के तहत प्रस्फुटन समितियों, नवांकुर संस्थाओं, स्वैच्छिक संगठनों, मुख्यमंत्री सामुदायिक नेतृत्व क्षमता विकास पाठ्यक्रम के विद्यार्थियों, परामर्शदाताओं एवं सीएम इंटर्न के माध्यम से विभिन्न जनजागरूकता गतिविधियां संचालित की जा रही हैं। इसी क्रम में भुजरियां तालाब पर श्रमदान कर लोगों को जल स्त्रोतों के संरक्षण का संदेश दिया गया।
श्रमदान कार्यक्रम के समापन पर नगरपालिका अध्यक्ष गायत्री शर्मा ने उपस्थित लोगों को जल संरक्षण का संकल्प भी दिलाया। कार्यक्रम में वरिष्ठ नागरिक सेवा मिशन संस्था शिवपुरी, जतन उजाला सेवा संस्था शिवपुरी, नगर विकास प्रस्फुटन समिति वार्ड क्रमांक 27 एवं नगरपालिका शिवपुरी की सक्रिय भूमिका रही। इस अवसर पर हरिओम शर्मा, केशव शर्मा, मुकेश शाक्य, सीमा खटीक, पदमा शिवहरे, रेखा समाधियां, कुलदीप शर्मा, शुभम रजक सहित अनेक सामाजिक कार्यकर्ता, प्रस्फुटन समितियों के सदस्य और छात्र-छात्राएं मौजूद रहे।








