शिवपुरी | 20 मई 2026

कलेक्टर एवं जिला मजिस्ट्रेट अर्पित वर्मा के निर्देशानुसार जिले में अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई लगातार जारी है। इसी क्रम में पिछोर अनुविभागीय अधिकारी ममता शाक्य के मार्गदर्शन में बुधवार को भौंती कस्बे में सड़क किनारे किए गए स्थायी एवं अस्थायी अतिक्रमण को हटाया गया।
राजस्व और पुलिस विभाग की संयुक्त टीम ने कार्रवाई करते हुए एक सैकड़ा से अधिक स्टॉल, दुकानों और सड़क किनारे किए गए कब्जों को हटाया। प्रशासन की मौजूदगी और सख्ती को देखते हुए कई लोगों ने स्वयं ही अपना अस्थायी अतिक्रमण हटाना शुरू कर दिया।
जानकारी के अनुसार ग्राम पंचायत भौंती द्वारा एक दिन पूर्व मुनादी कराकर एवं नोटिस जारी कर अतिक्रमण हटाने के निर्देश दिए गए थे। इसके बावजूद अतिक्रमण नहीं हटाए जाने पर बुधवार सुबह प्रशासनिक अमला मौके पर पहुंचा और कार्रवाई की गई।
कार्रवाई के दौरान एसडीओपी प्रशांत शर्मा, तहसीलदार एसएस गुर्जर, नायब तहसीलदार शुभम गर्ग, थाना प्रभारी घनश्याम सिंह, पंचायत सचिव, आरआई, पटवारी एवं पुलिस बल मौजूद रहा। अधिकारियों ने डिवाइडर, सड़क किनारे सब्जी मंडी एवं स्कूल रोड पर किए गए कब्जों को हटवाया। करीब 105 लोगों को पहले ही नोटिस जारी किए गए थे।
बताया गया कि भौंती कस्बे से होकर भोपाल जाने वाले मार्ग पर अतिक्रमण के कारण 40 फीट चौड़ी सड़क सिकुड़कर लगभग 15 फीट रह गई थी, जिससे आए दिन घंटों जाम की स्थिति बनती थी।
डिवाइडर पर लगाई जाएगी रेलिंग
पुनः अतिक्रमण रोकने के लिए ग्राम पंचायत द्वारा डिवाइडर पर रेलिंग लगाने का कार्य भी शुरू कर दिया गया है। पंचायत सचिव के अनुसार स्थानीय लोगों एवं जनप्रतिनिधियों द्वारा लंबे समय से अतिक्रमण हटाने की मांग की जा रही थी।
एसडीएम ममता शाक्य ने स्पष्ट कहा कि यदि दोबारा अतिक्रमण किया गया तो संबंधित लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।








