शिवपुरी कोतवाली पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 4.50 लाख की स्मैक व बाइक जब्त,

शिवपुरी कोतवाली पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 15.82 ग्राम स्मैक और एक मोटर साइकिल जब्त कर आरोपी को गिरफ्तार किया। पुलिस ने एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर स्मैक सप्लाई नेटवर्क की जांच शुरू कर दी है।

शिवपुरी शहर में बढ़ते नशे के कारोबार पर लगाम लगाने के लिए कोतवाली पुलिस लगातार कार्रवाई कर रही है। इसी क्रम में थाना कोतवाली पुलिस ने स्मैक बेचने की नियत से खड़े एक आरोपी को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से 15.82 ग्राम स्मैक एवं एक मोटर साइकिल जब्त की है। जप्त सामग्री की कुल कीमत करीब 4 लाख 50 हजार रुपये बताई गई है।
पुलिस अधीक्षक यांगचेन डोलकर भूटिया द्वारा जिले में अवैध मादक पदार्थ, अवैध शराब, जुआ एवं सट्टा के खिलाफ सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक संजीव मुले एवं नगर पुलिस अधीक्षक संजय चतुर्वेदी के मार्गदर्शन में कोतवाली टीआई रोहित दुबे ने विशेष टीम गठित की थी।
पुलिस को सूचना मिली थी कि होटल ग्रीन व्यू के आगे फॉरेस्ट चौकी के पास पुलिया पर एक युवक स्मैक बेचने की फिराक में खड़ा है। सूचना के आधार पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची तो एक युवक बिना नंबर की मोटर साइकिल पर बैठा दिखाई दिया। पुलिस को देखते ही वह भागने लगा, लेकिन स्टाफ ने घेराबंदी कर उसे पकड़ लिया।
पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम रवि सरदार पुत्र काबुल सरदार उम्र 23 वर्ष निवासी बड़ागांव थाना देहात शिवपुरी बताया। तलाशी के दौरान उसके पास से पारदर्शी पन्नी में रखी 15.82 ग्राम स्मैक बरामद हुई, जिसकी अनुमानित कीमत 4 लाख रुपये बताई गई। साथ ही एक मोटर साइकिल भी जब्त की गई।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ अपराध क्रमांक 389/26 धारा 8/21 एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी है। आरोपी से स्मैक सप्लाई करने वाले नेटवर्क के बारे में पूछताछ की जा रही है।
कोतवाली पुलिस का कहना है कि शहर को नशा मुक्त बनाने के लिए ऐसे आरोपियों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा तथा बाहर से आकर नशीले पदार्थों की तस्करी करने वालों पर भी सख्त कार्रवाई की जाएगी।








